टांडा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दढ़ियाल में घर के सामने लगे झूले को हटवाने का कहने पर झूला स्वामी ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर मकान स्वामी और उसकी पत्नी को जाति सूचक शब्द कहते हुए मारपीट की। जिसपर पीड़ित मकान स्वामी ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
टांडा कोतवाली के अंतर्गत आने वाले ग्राम दढ़ियाल के मोहल्ला भरतपुर निवासी रावत वाल्मीकि ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका कहना है कि मोहल्ले के ही निजाम और जुनैद ने उसके घर के आगे तीन दिन पूर्व बड़ा झूला लगा रखा है। झूला लगने के बाद उसके घर के आगे भारी भीड़ एकत्र होने लगी, इससे उन्हेें निकलने में परेशानी होने लगी। उसने निजाम और जुनैद से उसके घर के सामने से झूला हटाने के लिए कहा। वह लोग उसके साथ गाली गलौज करने लगे। उसने विरोध किया तो दोनों व्यक्तियों ने मोहल्ले के ही इशहाक और अशफाक को बुला लिया और उसको जाति सूचक शब्द कहते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। चीख पुकार सुनकर उसको बचाने आई उसकी पत्नी बबीता के साथ भी मारपीट की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।