टांडा। विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही प्रदेशभर में आचार संहिता लग गई है। इसके बाद पुलिस महकमा भी अर्लट हो गया है। मंगलवार को एसपी ने पुलिस फोर्स और केंद्रीय रिजर्व फोर्स के साथ नगर के मुख्य मार्ग सहित विभिन्न मोहल्लों में फ्लैग मार्च निकला। उन्होंने लोगों से कड़ाई के साथ आचार संहिता का पालन करने और मुख्य मार्ग पर मौजूद अतिक्रमण को हटाने के भी निर्देश दिए।
मंगलवार सुबह पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने भारी पुलिस फोर्स और सीआरएफ के साथ नगर के मुख्य चौराहे से फ्लैग मार्च निकालना शुरू किया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर दुकानदारों द्वारा लगाए गए अस्थाई फड़ों को देख पुलिस अधीक्षक भड़क गए और उन्होंने कोतवाल गौरव सिंह को नगर के मुख्य मार्ग पर फैले अतिक्रमण को हटवाने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने माइक की सहायता से लोगों से आचार संहिता का पालन करने और बाजार में मास्क लगाकर ही घूमने के निर्देश दिए गए। फ्लैग मार्च नगर के मुख्य मार्ग से नगर पालिका, मोहल्ला बरगद, भब्बलपुरी, युसूफ, पड़ाव, हाजीपुरा से होते हुए रामपुर रोड पहुंचा। इसके साथ ही नगर से सटे गांवों का भ्रमण किया।