संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर। कंबोज मोहल्ले में पानी गर्म करने वाली इलेक्ट्रिक रॉड के कारण कमरे में आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आग बुझाते समय एक युवक करंट की चपेट में आने से मामूली रूप से झुलस गया।
यहां के निवासी सावन पुत्र रुलदू राम ने बताया कि मंगलवार सुबह उनके घर में इलेक्ट्रिक रॉड से पानी गर्म किया जा रहा था कि बिजली तारों में अचानक स्पार्किंग होने से आग लग गई। उन्होंने तुरंत इस बात की सूचना दमकल विभाग कर्मचारियों को दी जो तुरंत अपनी फायर ब्रिगेड लेकर पहुंचे और घर में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि इस आगजनी में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, उनका एक पड़ोसी हैप्पी आग पर पानी फेंकते समय करंट की चपेट में आने से मामूली रूप से चोटिल हो गया। अगर समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो भीड़भाड़ वाला इलाका होने के कारण बड़ा हादसा पेश आ सकता था।