युवाओं की इच्छाओं और कमजोरियों का फायदा उठा रहे हैं एजेंट : संत सीचेवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)। एक महीने से आर्मेनिया की जेल में बंद पंजाब के जालंधर के युवक मनीष अरोड़ा के परिवार ने सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल से संपर्क किया और अपने बेटे की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई। निर्मल कुटिया सुल्तानपुर लोधी पहुंचे युवक के माता-पिता ने कहा कि वे पिछले एक माह से अपने बेटे के लिए पल-पल मर रहे हैं। एजेंट ने उसे जॉर्जिया सीमा पर छोड़ दिया, जहां उसे वहां की पुलिस ने पकड़ लिया। परिवार के मुताबिक, उनके बेटे और उसके एक साथी को एजेंट द्वारा यूरोप भेजा जाना था। ट्रैवल एजेंटों ने अवैध रूप से डोंकी बनाकर आर्मेनिया-जॉर्जिया के रास्ते से सीमा पार करवानी थी, जहां पर दुर्भाग्यवश ये युवक फंस गए। इसके बारे में इन युवाओं को पहले कुछ नहीं बताया गया था। मनीष के पिता ने कहा कि इस बुढ़ापे में मनीष ही उनका सहारा था और अचानक इस तरह वहां पकड़े जाने से उसकी बुजुर्ग मां पर गहरा असर पड़ा है। उसके पिता ने कहा कि जून के बाद से उनका मनीष से कोई संपर्क नहीं हुआ है और उन्हें यह भी नहीं पता कि उनके लड़के को कहां रखा गया है।
सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि वह इन युवकों का मामला विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाएंगे और उन्हें हरसंभव मदद दिलाएंगे। संत सीचेवाल ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे गलत ट्रैवल एजेंटों के हाथों में न पड़ें। ठीक से विदेश जाओ। उन्होंने कहा कि उनके साथ धोखाधड़ी करने वाले ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया जाना चाहिए, ताकि ऐसे तत्वों को पकड़ा जा सके। संत सीचेवाल ने सरकार से ऐसे एजेंटों पर नकेल कसने का आग्रह किया है।