भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बोले बजट पंजाब के लिए फायदेमंद
-
जालंधर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम ने देश में पेश हुए बजट को लेकर कहा कि बजट किसी खास वर्ग के लिए नहीं बल्कि सबके लिए बराबर है। यह पंजाब के लिए फायदेमंद है। पंजाब को विशेष पैकेज के अलावा खेलो भारत में कम पैसा मिलने पर गौतम ने कहा कि पंजाब को पैकेज की जरूरत है, लेकिन यहां के सीएम मांगते ही नहीं है। वह नीति आयोग की बैठक में जाते ही नहीं है, तो सूबे के लिए योजना क्या बनाएंगे?
वरिष्ठ भाजपा नेता और राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम सोमवार को जालंधर में पत्रकारों से खास बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ पूर्व सांसद सुशील रिंकू, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, जिला प्रधान सुशील शर्मा के अलावा महासचिव अनिल सरीन मौैजूद थे। गुजरात को खेलो भारत में 400 करोड़ व पंजाब को महज 78 करोड़ मिलने के सवाल पर गौतम ने कहा कि यह विषय उनको पता चला है, वह केंद्र सरकार से बातचीत करेंगे। पंजाब से 19 खिलाड़ी ओलंपिक खेल रहे हैं, जबकि गुजरात से महज 9, फिर भी उनको खेलो भारत में पंजाब से छह गुणा अधिक पैसा देने के सवाल पर गौतम ने चुुप्पी साध ली। पंजाब में उद्योग की हालत खस्ता होने व इंडस्ट्री के बाहर जाने और विशेष पैकेज की बात पर गौतम ने सीएम भगवंत मान पर निशाना साधा कहा कि वह मुख्यमंत्री हैं, वह अपने सूबे के लिए दिल्ली से मांगते क्यों नहीं हैं?
गौतम ने कहा कि जालंधर लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिले 18 प्रतिशत वोटों के लिए मैं जनता का धन्यवाद करता हूं। क्योंकि यह आंकड़ा पिछले कई चुनावों से बेहतर था।