मल्लांवाला (फिरोजपुर) में फाइनेंस कंपनी का मैनेजर सुरेश पत्रकारों को जानकारी देता हुआ।
- फोटो : FIROZPUR
फिरोजपुर। कस्बा मल्लांवाला में फिरोजपुर रोड स्थित भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड ब्रांच में घुसकर हथियारबंद चार लुटेरों ने लूट का प्रयास किया। लुटेरों ने ब्रांच मैनेजर की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और नकदी के लॉकर की चाबी मांगी, मुलाजिमों ने शोर मचा दिया। ग्रामीण वहां पहुंच गए और लुटेरे इमारत की छत से छलांग लगाकर भागने लगे कि एक लुटेरे को चोट लगने के कारण लोगों ने दबोच लिया। जबकि तीन लुटेरे भागने में कामयाब हो गए।
सूचना पाकर पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पकड़े गए लुटेरे को पुलिस के हवाले किया। यह वारदात वीरवार सुबह सवा नौ बजे घटी है। इस कंपनी के मैनेजर सुरेश कुमार ने बताया कि सुबह दफ्तर खोलकर बैठे थे कि सवा नौ बजे के करीब कार में सवार चार लुटेरे वहां पहुंचे। दो लुटेरे पिस्तौल लेकर उसके पास आ गए और उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी।
उसके बाद लुटेरों ने उससे नकदी के लॉकर की चाबी मांगी। उसके साथियों ने शोर मचा दिया। वहां बाहर खड़े सभी ग्रामीण इकट्ठा हो गए। तीन लुटेरों ने भागने के लिए इमारत की छत से छलांग लगा दी। एक लुटेरे को चोट लगने के कारण ग्रामीणों ने उसे काबू कर लिया। काबू किए गए लुटेरे के पास पिस्तौल थी। मैनेजर ने बताया कि उस समय उनके पास साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी थी, वैसे रुटीन में उनके पास दस से बारह लाख रुपये की नकदी रहती है।
लोगों ने पुलिस को सूचित किया। थाना मल्लांवाला प्रभारी जतिंदर सिंह अपनी टीम समेत वहां पहुंचे। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को उनके हवाले किया। पुलिस ने प्रत्येक जगह नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. नरेंद्र भार्गव, एसपी मनिंदर सिंह के अलावा अन्य पुलिस अधिकारी वहां पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लुटेरे तरनतारन के रहने वाले हैं। बाकी तीन लुटेरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें काबू किया जाएगा।