जालंधर के लाजपत नगर में कुछ शरारती तत्वों ने रोड पर लगे श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के फ्लैक्स बोर्ड फाड़ दिए। इस घटना के विरोध में सिख संस्थानों ने रोष व्यक्त किया, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर धारा 295 और 34 जोड़ी है।
सिख संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने कहा कि बोर्ड फाड़कर गुरु गोबिंद सिंह जी की फोटो जमीन पर फेंक दी गई। बेअदबी के आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
पुलिस को दिए बयान में गुरमीत सिंह ने बताया कि गुरु पर्व को लेकर बीते दिनों उनके द्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह के फ्लैक्स बोर्ड पूरे शहर में लगवाए गए थे। इस दौरान लाजपत नगर के आसपास स्थित बोर्ड को क्षति पहुंचाई गई है। शरारती तत्वों ने फ्लैक्स बोर्ड को फाड़ डाला और गुरु जी की तस्वीरों की बेअदबी भी की।
आरोपी इतने शातिर थे कि पहले उन्होंने फ्लैक्स बोर्ड पीछे से फाड़ने शुरू किए जिससे वे किसी को दिखे नहीं। मगर दूसरे एंगल पर लगे सीसीटीवी में आरोपी कैद हो गए थे। घटना 2 जनवरी बताई जा रही है जब इस बारे में सिख समाज के नेताओं को पता चला तो उन्होंने प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समाज को समझाया और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसे लेकर जब पुलिस को शिकायत दी गई तो पुलिस ने मामले की जांच के बाद केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ली है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।