जालंधर। अर्जुन अवॉर्डी डीएसपी दलबीर सिंह कत्लकांड को पुलिस ने सुलझाते हुए विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से डीएसपी की रिवाॅल्वर बरामद कर ली गई है। विजय ने पूछताछ में खुलासा किया है कि डीएसपी ने रात को 12.30 उसको गालियां निकालनी शुरू कर दी और रिवाॅल्वर निकालकर धमकी दी कि अगर वह उसको गांव खोजेवाल छोड़कर नहीं आएगा तो उसको गोली मार देगा। इसके बाद विजय कुमार ने रिवाॅल्वर छीनकर उलटा डीएसपी दलबीर सिंह दयोल के माथे पर गोली मारकर हत्या कर दी।इससे पहले उन्होंने एक साथ शराब पी, फिर हैप्पी न्यू ईयर विश करने के बाद रास्ते में नहर के पास दोनों की कहासुनी हो गई। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपी तक सीसीटीवी फुटेज के जरिये पहुंची है। सीपी स्वप्न शर्मा, डीसीपी संदीप शर्मा, एसीपी परमजीत सिंह व एसीपी निर्मल सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि डीएसपी दयोल की गाड़ी से राघव की कार की टक्कर हो गई थी। उस कार को ठीक करने के लिए जालंधर सिटी में गैराज में दिया हुआ था। 31 तारीख की शाम को डीएसपी दयोल राघव व शैरी के साथ जालंधर आया था और कार को चेक किया कि उसका कितना काम हो चुका है। बाद में दोनों राघव व शैरी डीएसपी दयोल को बस स्टैंड छोड़कर चले गए थे। वहां से उसने ऑटो लिया और चालक विजय को गांव खोजेवाल चलने के लिए कहा। विजय ने कहा कि वह इतनी दूर नहीं जाएगा लेकिन डीएसपी ने उसे कहा कि रास्ते में छोड़ देना। दोनों ने रास्ते में एक साथ शराब पी और बाद में वर्कशाॅप चौक के पास से चिकन खाया।
डीएसपी दयोल को पूरा नशा हो गया था और वह विजय को गालियां देने लगा कि उसको खोजेवाल लेकर चले। दोनों वर्कशाॅप चौक के पास से निकले और बस्ती बावा खेल नहर के पास आ गए। विजय की कहासुनी डीएसपी से होने लगी कि वह खोजेवाल नहीं जाएगा, जिसके बाद नशे में धुत्त दयोल ने रिवॉल्वर निकाल ली और विजय को बोला कि जे मैनूं खोजेवाल छड्ड के न आया ते गोली मार देनी तैनूं। दोनों में हाथापाई हो गई और विजय ने रिवाॅल्वर छीनकर उलटा डीएसपी को गोली मार दी। इस मामले की जांच के लिए एसएचओ गुरप्रीत सिंह व सीआईए इंचार्ज इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में टीम तैयार की गई थी। विजय ने कहा कि डीएसपी का मर्डर करने के बाद उसे पूरी रात नींद नहीं आई। बेचैनी में वह एक साइड से दूसरी साइड करवट बदलता रहा। परेशान होकर उसने मेडिकल नशा लिया।
आरोपी विजय पहले कैंटर चलाने का काम करता था। अब 6 साल से वह ऑटो चला रहा था। पुलिस ने उससे पिस्टल, गोलियां और खून से लथपथ कपड़े बरामद किए हैं। विजय पर पहले भी एक मामला दर्ज है। विजय मूल रूप से जालंधर के देहात लांबड़ा इलाके का रहने वाला है और नशे का आदी है। वह नशा छोड़ने के लिए अपना इलाज करवा रहा था।