यूक्रेन और रूस में चल रही जंग के चलते यूक्रेन में फंसे जालंधर के विद्यार्थियों के माता-पिता के लिए राहत की खबर है। जिला प्रशासन ने इस संबंधी जानकारी हासिल करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 0181-2224417 जारी किया है। इस हेल्पलाइन नंबर के जरिए यूक्रेन में फंसे जिले के लोगों की जानकारी एकत्रित की जा सकती है। यह जानकारी अगर राज्य सरकार मांगती है तो संबंधित अथॉरिटी को तुरंत यह जानकारी दी जा सकेगी।
डिप्टी कमिशनर घनश्याम थोरी ने कहा कि यह सूचना जब भी मांगी जाएगी, संबंधित अथॉरिटी के साथ सांझी करने के लिए तैयार होगी। डिप्टी कमिशनर ने कहा कि जिन लोगों के पारिवारिक सदस्य यूक्रेन में फंसे हुए हैं, वह इस हेल्पलाइन पर जानकारी सांझी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोग डिप्टी कमिशनर दफ्तर, कमरा नं. 22 में भी ऑफिस समय के दौरान यूक्रेन में फंसे अपने पारिवारिक सदस्यों या रिश्तेदारों के बारे में जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में फंसे व्यक्ति का नाम, पिता का नाम, पासपोर्ट नंबर, यूनिवर्सिटी/कॉलेज का नाम, यूक्रेन में उसका पता आदि सहित अधिक से अधिक जानकारी प्रदान करनी होगी, जिससे सारी अपेक्षित जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों के साथ सांझी की जा सके।
राणा गुरजीत ने यूक्रेन में फंसे पंजाबियों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया
तकनीकी शिक्षा मंत्री राणा गुरजीत सिंह ने यूक्रेन में फंसे लोगों की मदद के लिए 24 घंटे काम करने वाली हेल्पलाइन नंबर 9815900957 जारी किया है। राणा ने कहा कि जहां भारत सरकार पहले से इस विषय पर काम कर रही है और मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी भी हालातों पर नजर रखे हैं, वहीं उन्होंने (राणा) एक विशेष नंबर जारी किया है। उन्होंने यह हेल्पलाइन नंबर इसलिए जारी किया है, क्योंकि हर कोई केंद्र सरकार के साथ संपर्क नहीं कर सकता और वह वहां फंसे लोगों की वापसी सुनिश्चित करने में मदद करेंगे।
पंजाब सरकार ने यूक्रेन में फंसे लोगों के लिए बनाया कंट्रोल रूम
युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे पंजाबियों की हरसंभव मदद के लिए एक समर्पित चौबीसों घंटे कार्य करना वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया है। शुक्रवार को सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यूक्रेन में फंसे लोग या उनके पंजाब में रहने वाले रिश्तेदार हेल्पलाइन नंबर 1100 पर और भारत से बाहर रहने वाले लोग +91-172-4111905 पर संपर्क कर अपेक्षित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रवक्ता ने आगे कहा कि यूक्रेन में फंसे लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए इन हेल्पलाइन नंबरों पर पूछे जाने वाले सवालों को तुरंत भारत सरकार के विदेश मंत्रालय को भेजा जाएगा।
लुधियाना जिले से संबंधित लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
यूक्रेन में फंसे जिले के साथ संबंधित विद्यार्थियों और अन्य लोगों की जानकारी इकट्ठी करने के लिए जिला प्रशासन लुधियाना की तरफ से एक हेल्पलाइन नंबर 8054002351 स्थापित किया गया है। ताकि ऐसे व्यक्ति की जानकारी राज्य सरकार के जरिये अधिकारियों को भेजी जा सके। डिप्टी कमिश्नर वरिंदर कुमार शर्मा ने इस संबंधी जानकारी देते कहा कि जिले के साथ संबंधित यूक्रेन में फंसे हुए व्यक्ति की सूचना इसलिए इकट्ठा की जा रही है ताकि यह सूचना मांगे जाने पर राज्य सरकार के जरिये विदेश मंत्रालय को समय पर मुहैया करवाई जा सके।
डीसी ने अपील करते कहा कि जिले के साथ संबंधित जो व्यक्ति के पारिवारिक सदस्य यूक्रेन में फंसे हैं, वह तुरंत सूचना मुहैया करवाए और इस सूचना में यूक्रेन गए व्यक्ति का नाम, पिता का नाम, लुधियाना का पता मोबाइल फोन पासपोर्ट नंबर, यूनिवर्सिटी-कॉलेज का नाम, यूक्रेन में उनके घर का पता और मोबाइल नंबर सहित ज्यादा से ज्यादा जानकारी साझा की जाए।