पठानकोट। जम्मू-कश्मीर में सड़क मार्ग से प्रवेश करने पर पिछले डेढ़ वर्ष से लगाए प्रतिबंधों में स्थानीय प्रशासन ने अब ढील दे दी है। अब जम्मू-कश्मीर में एंट्री से पहले लखनपुर में किए जाने वाले कोरोना टेस्ट की अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है। छूट सिर्फ उन लोगों को मिलेगी जिन्होंने कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली हैं।
कोरोना वैक्सीन की डबल डोज लगवाने वालों के लिए अब लखनपुर कॉरिडोर पर रोक टोक नहीं रहेगी। उन्हें न तो पूर्व में जांच करवाकर लखनपुर आना होगा और न ही लखनपुर पहुंचने पर जांच करवानी होगी। वैक्सीन की डबल डोज का वैध सर्टिफिकेट दिखाने के बाद उन्हें जम्मू-कश्मीर में दाखिल होने की अनुमति मिल जाएगी। आपदा प्रबंधन कीराज्य कार्यकारिणी समिति की ओर से निर्देश के बाद कठुआ जिला प्रशासन कठुआ ने इसको अमली जामा पहना दिया है। इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।
बार कोड स्कैन करने के बाद मिलेगी इजाजत
डीसी कठुआ राहुल यादव ने बताया कि इस व्यवस्था में किसी तरह की धोखाधड़ी न हो इसके लिए लखनपुर में तैनात स्टाफ को कोड स्कैनर उपलब्ध करवाए गए हैं। यात्रियों को अपना वैध सर्टिफिकेट दिखाना होगा। उस पर बने बार कोड को स्कैन कर सही पाए जाने पर कोई रोक टोक नहीं होगी। वैक्सीन वेक्सीनेशन न लगवाने वालों को पहले की तरह या तो कोरोना जांच करवानी होगी या 24 घंटे में करवाए गए टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना होगा। तभी उनको एंट्री मिल सकेगी।