पठानकोट। चुनाव नजदीक देख पार्टियों से पलायन शुरू हो चुका है। पिछले 2 दिन में पठानकोट में भाजपा को इस पलायन से काफी नुकसान पहुंचा है। विधायक अमित विज ने रविवार देर शाम और सोमवार को 3 जगह कार्यक्रम आयोजित कर 150 से अधिक परिवारों और भाजपा के कई नामवर लोगों को कांग्रेस में शामिल किया।
रविवार देर शाम पुरानी सब्जी मंडी और ढाकी अखाड़ा के पास कार्यक्रम करवा 100 परिवारों ने कांग्रेस की सदस्यता हासिल की। वहीं, सोमवार को गांव अंदोई के सरपंच सुरेंद्र कुमार एवं गांव कौंतरपुर के पूर्व ब्लाक समिति मेंबर बोधराज ने भी भाजपा छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम लिया। विधायक अमित विज ने कहा कि पार्टी में शामिल होने वालों को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा करने के मकसद से ये नेतागण कांग्रेस में शामिल हुए हैं, इस मकसद को पूरा करने के लिए कांग्रेस उनका पूरा साथ देगी।
उन्होंने कहा कि इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने से कांग्रेस को मजबूती मिली है और वह विश्वास दिलाते हैं कि सभी कांग्रेसियों को साथ लेकर जनता की सेवा के कार्यों में जुटे रहेंगे। इस दौरान कांग्रेस से जुड़े सुरेंद्र कुमार, बोधराज, मोहनी पहलवान, आकाश पहलवान, रिशू पहलवान, मेशी पहलवान, बंटी पहलवान समेत अन्य ने कहा कि कांग्रेस के साथ जुड़कर लोगों की सेवा के कार्यों में जुटे रहेंगे। इस अवसर पर कांग्रेसी नेता आशीष विज, राकेश बबली, बलविंदर कुमार ज्योति, जुगल किशोर रोशन लाल सोनी, विक्रम विक्कू, गगी ठाकुर आदि उपस्थित थे।