कपूरथला में नवस्थापित थाना साइबर क्राइम में पहली एफआईआर, यूपी के हाथरस निवासी महिला समेत दो नामजद
संवाद न्यूज एजेंसी
कपूरथला। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने शहर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के नाम से फेक आईडी बनाकर लोगों को गुमराह करते हुए धोखाधड़ी करने वाले उत्तरप्रदेश निवासी महिला सहित 2 लोगों पर दर्ज किया है। यह कार्रवाई रोज एवेन्यू निवासी युवक की शिकायत पर की गई है। थाना साइबर क्राइम की एसएचओ मनदीप कौर ने बताया कि यह उनके थाने की पहली एफआईआर है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई हैं।
कपूरथला के क्षेत्र रोज एवेन्यू निवासी कुमार गौरव ने थाना साइब्रम क्राइम को दी शिकायत में बताया कि वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है और अपने अलग-अलग यूट्यूब चैनलों, फेसबुक, इंस्टाग्राम आईडी के जरिये लोगों को वीजा, विदेश में नौकरियां लेने व सैटल होने बारे जानकारी मुहैया करवाने के लिए अपनी वीडियो बनाकर अपलोड करता है।
इस दौरान किसी अज्ञात लोगों ने उसके नाम पर अलग-अलग इंस्टाग्राम व फेसबुक पर आईडीज बनाकर उसकी फोटो लगा दी। इन अज्ञात लोगों की ओर से उक्त जाली आईडीज के जरिये भोले-भाले लोगों को गुमराह कर उनसे धोखाधड़ी की जाने लगी है। जालसाजों की इस हरकत बारे जब उसे पता चला तो उसने तुरंत इसकी शिकायत थाना साइबर क्राइम को दी। इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात लोगों द्वारा बनाई गई जाली आईडीज की जांच की तो पता चला कि उक्त आईडी को प्रशांत जुरैल व यशोधा देवी निवासी कंजोली जिला हाथरस-यूपी चला रहे है। इनके खिलाफ पुलिस ने धारा 66(डी), आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।