टांडा (रामपुर)। सरकारी स्कूल में अध्यापक होने के बाद भी फर्जी दरोगा बनकर लोगों को धमकाना और प्रेमिका का फोटो पत्नी के आधार कार्ड पर लगवाना शिक्षक को भारी पड़ गया। पत्नी की शिकायत के बाद एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी शिक्षक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव बादली निवासी अनुपम भारती ने एसपी से शिकायत की थी कि तहसील क्षेत्र के ग्राम मोहब्बत नगर स्थित प्राइमरी स्कूल में अध्यापक के पद पर तैनात वीर सिंह उसके पति हैं जो पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को धमकाते हैं। इसके साथ ही पति ने उसके आधार कार्ड पर कूटरचना से अपनी प्रेमिका का फोटो लगा लिया है। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच की तो सभी आरोप सही पाए गए।
एसपी अंकित मित्तल ने बताया कि प्रथम दृष्टया अनपम भारती की शिकायत सही पाई गई है। इस पर आरोपी वीर सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 और 171 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में पता चला कि आरोपी का भाई धर्म सिंह पुलिस विभाग में दरोगा है, जिसकी वर्दी वीर सिंह पहनता था। इस पर दरोगा धर्म सिंह के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के लिए बिजनौर पुलिस कार्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है।