पंजाब को नशा मुक्त बनाने और तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने अब ऑपरेशन क्लीन शुरू किया है। पांच घंटे तक चले ऑपरेशन में पुलिस की 650 टीमों ने नशा तस्करों से जुड़े 2247 ठिकानों पर छापेमारी की। मुहिम में पुलिस 1.8 किलो हेरोइन, 82 किलो भुक्की, एक किलो अफीम, 5.35 लाख रुपये की ड्रग मनी और चार हथियार मिले हैं। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि 48 एफआईआर दर्ज की गई हैं। 78 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इन्हें फॉरेंसिक जांच को भेजा जाएगा।
विशेष डीजीपी कानून व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि बुधवार सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक चलाए गए इस अभियान में नशा तस्करों से जुड़े स्थानों/घरों पर छापेमारी की गई। पुलिस टीमों ने नशा तस्करों से जुड़े 2247 स्थानों पर छापेमारी की और 2125 घरों की तलाशी ली। उन्होने इस दौरान अन्य सामान के अलावा अवैध शराब, लाहन और वाहन बरामद किए है।
पुलिस टीमों ने घर में मौजूद तस्करों और उनके परिवार के सदस्यों की बैंक डिटेल और विदेश से लेन-देन की भी जांच की। इस कार्रवाई को अंजाम देने का उद्देश्य अंतरराज्यीय सीमाओं से नशे की आमद पर नजर रखने के अलावा नशा तस्करों पर कड़ी नजर रखना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की छापेमारियां आगे भी जारी रहेगी। याद रहे कि नशा तस्करी पर नकेल कसने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद गंभीर है। उन्होंने कुछ समय पहले डीजीपी के साथ बैठक की थी। इसमें कहा था कि नशा तस्करी रोकने के लिए थाने के एसएचओ से लेकर एसएसपी तक को जवाबदेह बनाया जाए।