जालंधर देहात के कस्बा फिल्लौर में तहसील कॉम्प्लेक्स में समाजसेवी रामजी दास ने अपने साथी नंबरदार के साथ मिलकर नायब तहसीलदार सुनीता के दफ्तर में जमकर हंगामा किया और उन्हें बंधक बना लिया।
आरोप है कि रामजी दास ने नंबरदार के साथ मिलकर गाली गलौज भी किया और जान से मारने की दी। इसके बाद जबरदस्ती रजिस्ट्री भी करवाई। इस संबंध में नायब तहसीलदार ने गुंडागर्दी की शिकायत पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई। तहसीलदार, कानूनगो और पटवारियों ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और 3 दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो हड़ताल की जाएगी।
नायब तहसीलदार सुनीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 फरवरी को वे रोज की तरह अपने दफ्तर में काम कर रही थीं। इस दौरान रामजी दास पुत्र जोगिंदर वीर निवासी गन्ना पिंड और गांव पंजधेरा का नंबरदार कुलदीप कुमार अपने साथियों के साथ दफ्तर में आया। उनके हाथों में कुछ कागज थे। आते ही तुरंत रजिस्ट्री करवाने की बात कही। जब रजिस्ट्री नियमानुसार करवाने के लिए कहा तो उन्हें दफ्तर में बंधक बना लिया और बाद में सीनियर तहसीलदार को भी गालियां निकालीं।
आरोपियों ने कहा कि अगर उनकी बात नहीं सुनी गई तो जान से मार देंगे। नायब तहसीलदार सुनीता ने नूरमहल, गोराया के तहसीलदार और प्रधान कानूनगो एसोसिएशन, पटवार यूनियन के स्टाफ के साथ मीटिंग की। सभी ने कहा कि अगर 14 फरवरी तक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया तो हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके बाद पुलिस ने रामजी दास व नंबरदार कुलदीप कुमार के साथ अन्य लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। इनमें से राम जी दास को गिरफ्तार कर लिया गया है। नंबरदार कुलदीप कुमार फरार है। फिलहाल पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।