मल्लांवाला के वार्ड नंबर-आठ में गली में खड़े होने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने युवक गोल्डी की सिर में ईंटों से वार कर हत्या कर दी। थाना मल्लांवाला पुलिस ने आरोपी जसवंत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार है।
शमशेर सिंह पुत्र सुज्जा सिंह वासी वार्ड नंबर-आठ बाबा राम लाल कुटिया ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि जिस गली में उसका घर है उसी गली में आरोपी का भी मकान है। आरोपी जसवंत सिंह उर्फ बिट्टू गली में उसके बेटे गोल्डी (26) को खड़ा होने से रोकता था। गोल्डी गली में खड़ा था कि जसवंत ने गोल्डी के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया।
जसवंत ने गोल्डी के सिर पर ईंटों से वार किया। इस कारण गोल्डी गंभीर रूप से जख्मी हो गया और बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। गोल्डी को नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां डाक्टरों ने उसकी नाजुक हालत देख उसे मेडिकल कालेज फरीदकोट रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। उधर, थाना मल्लांवाला पुलिस ने जसवंत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।