जालंधर के न्यू दशमेश नगर इलाके में शुक्रवार रात मामूली विवाद के बाद हुई फायरिंग में एक इलेक्ट्रीशियन सिमरनजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि सौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। सौरव को पेट के पास गोली लगी है और उसकी हालत नाजुक होने के चलते उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात तक पुलिस मामले की जांच में जुटी रही।
भटूरे खाने के दाैरान हुआ था विवाद
घटना के चश्मदीद राजवीर के अनुसार, एक दिन पहले वह और सिमरनजीत भटूरे खाने गए थे, जहां सौरव और उसके साथियों के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान सौरव की गैंग ने सिमरनजीत पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। सिमरनजीत का इलाज करवाने के बाद पुलिस में शिकायत भी दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
राजवीर ने बताया कि शुक्रवार रात वह, सिमरनजीत, ललित उर्फ गुल्लू और पप्पू अलग-अलग बाइकों पर सिविल अस्पताल जा रहे थे ताकि पट्टी करवाने और एमएलआर रिपोर्ट लेने का काम पूरा किया जा सके। इसी दौरान न्यू दशमेश नगर में सौरव दिखाई दिया। आरोप है कि गुल्लू ने बाइक रोककर पिस्तौल निकाली और सौरव पर गोली चला दी।
चश्मदीद के मुताबिक, सौरव गोली लगने के बाद नीचे गिर पड़ा। इसी दौरान सिमरनजीत को भी गोली लग गई। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली गलती से लगी या फिर किसी साजिश के तहत चलाई गई। सिमरनजीत के गर्दन के पास गोली लगी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। लोगों ने दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सिमरनजीत को मृत घोषित कर दिया।