उपमंडल की अदालत में फर्जी आधार कार्ड के जरिए जमानत लेने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर फर्जी जमानती के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी रोहतक के गांव भगवतीपुर का रहने वाला बलराज है।
जानकारी के अनुसार वीरवार शाम को एक व्यक्ति बलराज पुत्र रामसिंह थाना बादली में दर्ज एफआईआर नंबर 41/2026 के आरोपी सक्षम पुत्र सुखपाल की जमानत कराने के लिए अदालत पहुंचा था। जमानत प्रक्रिया के दौरान सीआईएस रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि बलराज ने अलग-अलग आधार कार्डों का इस्तेमाल कर पूर्व में भी कई मामलों में जमानत ली हुई है।
अदालत के रीडर बलवंत सिंह ने इस संबंध में लिखित शिकायत न्यायिक मजिस्ट्रेट धीरज यादव के माध्यम से थाना सदर बहादुरगढ़ को भेजी। शिकायत के साथ संदिग्ध आधार कार्ड और सीआईएस रिकॉर्ड भी पुलिस को सौंपे गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अदालत पहुंची और दस्तावेजों की जांच की। प्रारंभिक जांच में फर्जी दस्तावेजों के उपयोग की पुष्टि होने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।