युवक के पिता के बयान पर मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मल्लांवाला (फिरोजपुर)। थाना मल्लांवाला के अंतर्गत गांव फत्ता बोड़ा में एक युवक ने अपने ससुराल वालों से तंग आकर जहर निगलकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पेंट की जेब में से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी मौत का कारण ससुराल वाले बताए हैं। पत्नी झगड़ा कर अपने मायके चली गई थी और मायके वाले युवक को धमकियां दे रहे थे। मृतक युवक के पिता ने बुधवार को थाना मल्लांवाला पुलिस को अपने बयान दर्ज करवाए हैं।
मृतक युवक सुखदेव सिंह (25) के पिता मंगल सिंह वासी फत्ता बोड़ा ने बताया कि एक साल पहले उसके बेटे की शादी ज्योति पुत्री फलकू के साथ हुई थी। बच्चा नहीं होने के कारण दोनों में झगड़ा रहता था। ज्योति अक्सर सुखदेव से झगड़कर मायके चली जाती थी। मंगल ने बताया कि दो दिसंबर को जब वह घर लौटा तो सुखदेव ने बताया कि ज्योति की मां गुरो और नानी आई थी और ज्योति को अपने साथ मायके ले गई। बुधवार को परिवार के सभी सदस्य कामकाज करने के लिए शहर चले गए। जब दोपहर को सुखदेव की मां घर पहुंची तो देखा कि घर के आंगन में सुखदेव गिरा पड़ा है। उसे अस्पताल लेकर गए तो डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगल ने बताया कि सुखदेव ने कोई जहरीली वस्तु निगल ली थी और उसकी पेंट की जेब में एक सुसाइड नोट मिला जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार ससुराल पक्ष को ठहराया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करने के लिए जीरा के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। उधर, थाना मल्लांवाला प्रबारी हरमलजीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।