फेसबुक पर असलहों संग पोस्ट, धरे गए
किसी वारदात को अंजाम देने जालंधर से कपूरथला आ रहे थे दो गैंगस्टर
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला।
सूबे में गोली कांड की बढ़ती घटनाओं के बाद पुलिस ने फेसबुकिया गैंगस्टर की धरपकड़ को तेज कर दिया है। ऐसे ही नाजायज असलहा के साथ फोटो फेसबुक व वाट्सअप पर अपलोड करके अपना खौफ पैदा करने वाले दो गैंगस्टरों को सीआईए पुलिस ने गिरफ्तार किया। है। दोनों गैंगस्टर कपूरथला में किसी वारदात को अंजाम देने आ रहे थे।
एसपी जांच जगजीत सिंह सरोआ ने बताया कि सीआईए इंचार्ज जतिंदरजीत सिंह और एएसआई बिशंभर सिंह फोर्स के साथ एक नवंबर को गश्त कर रहे थे। इस दौरान किसी मुखबिर सूचना दी कि दो गैंगस्टर गुरप्रतपाल सिंह उर्फ प्रताप निवासी न्यू जवाहर नगर जालंधर और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी सैदोभुलाणा सफेद रंग की स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर नाजायज पिस्टल के साथ आ रहे हैं। यह दोनों अपनी नाजायज पिस्टल के साथ फोटो फेसबुक और वाट्सअप पर अपलोड करके खौफ पैदा करते हैं। इनकी कई फोटो फेसबुक पर अपलोड हैं। इस समय किसी वारदात को अंजाम देने की नियत से जालंधर से कपूरथला की तरफ आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने तुरंत ट्रैप लगाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनसे नाजायज पिस्टल बरामद करके आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।