बच्ची से छेड़छाड़ के विरोध में लगाया जाम
दो घंटे तक चंडीगढ़-होशियारपुर पर यातायात रहा बाधित
मैनेजमेंट के खिलाफ की जमकर नारेबाजी, स्कूल ने प्रिंसिपल को निकाला
अमर उजाला ब्यूरो
माहिलपुर (होशियारपुर)। श्री गुरु गोबिंद सिंह खालसा कालेज परिसर में चल रहे एक स्कूल में छेड़छाड़ के मामले में प्रिंसिपल के खिलाफ बच्ची के परिजनों ने स्कूल के अभिभावकों को साथ लेकर स्कूल के गेट पर जमकर नारेबाजी की। अभिभावकों ने प्रिंसिपल और कालेज मैनेजमेंट के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद कुछ लोगों ने पीड़िता के परिजनों को साथ लेकर होशियारपुर-चंडीगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान गर्मी में यात्रियों को काफी मुसीबत झेलनी पड़ी। करीब दो घंटे बाद डीएसपी गढ़शंकर के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरने को खत्म किया। इस दौरान कांग्रेस नेत्री नीमिषा के समर्थकों और आम आदमी पार्टी के लोग भी अभिभावकों के समर्थन में पहुंचे।
माहिलपुर के संत हरी सिंह यादगारी मॉडल स्कूल में सातवीं की छात्रा ने घर जाकर बताया था कि स्कूल के प्रिंसिपल ने जीरो पीरियड में उसे अपने दफ्तर में फाइल रखने के बहाने बुलाकर छेड़छाड़ की। पीड़िता के परिजनों ने उसी शाम स्कूल मैनेजमेंट कमेटी को अवगत कराया, फिर उसके बाद परिवार ने पुलिस पास भी शिकायत कर दी। पुलिस ने आनन फानन ने प्रिंसिपल पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया। वहीं मैनेजमेंट कमेटी ने भी शाम को प्रिंसिपल को स्कूल से निकाल दिया। वीरवार को पीड़ित पक्ष आरोप लगा रहा था कि आरोपी प्रिंसिपल स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के इशारे पर इलाका को छोड़ कर भागा है और कमेटी के कुछ लोग उसकी सहायता कर रहे हैं।
पुलिस बोली जल्द होगी गिरफ्तारी
प्रदर्शनकारियों को मनाने पहुंचे डीएसपी गढ़शंकर सतीष कुमार एडिशनल एसएचओ जसवंत सिंह को आदेश दिया कि प्रदर्शनकारियों की वीडियोग्राफी कराई जाए, ताकि इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। डीएसपी ने पीड़ित परिवार को कहा कि वह एक अलग दरख्वास्त दें, जिसकी जांच कर मैनेजमेंट कमेटी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस तरह करीब तीन घंटे के हंगामे के बाद पुलिस दो दिन तक जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने कहा है कि प्रिंसिपल जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
प्रिंसिपल को निकाल दिया है
इस मौके सिख शिक्षण काउंसिल के अध्यक्ष सुरिंदर सिंह भुलेवाल राठां ने कहा कि मैनेजमेंट कमेटी के पास जब शिकायत आई तो आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ उसी समय कार्रवाई कर उसे नौकरी से निकाल दिया था। रही सीसीटीवी फुटेज को डिलीट करने की बात उसे आरोपी प्रिंसिपल खुद ही कर गया। क्योंकि जिस दिन यह घटना घटी उस दिन प्रिंसिपल दो से चार बजे तक आफिस में रहा। जो गलती उसने की है उसकी सजा हर हाल में मिलेगी।