डुघीलग में करंट लगने से युवक की मौत
पड़ोसी की लाइट ठी करते समय आया चपेट में
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ सटी लगवैली के डुघीलग गांव में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि युवक बिजली का फाल्ट ठीक कर रहा था, उस समय उसे करंट लग गया औरमौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुुसार लगघाटी के डुघीलग गांव के तीर्थ राम 38, पुत्र मेहरू वीरवार सुबह के समय गांव में अपने पड़ोसी के घर चला गया। इस दौरान उसने एक कमरे में लाइट बुझी हुई देखी तो कमरे में अंधेरा होने का कारण पूछा। इस पर घर के मालिक ने बताया कि लाइट खराब है। तीर्थ राम ने कहा कि वह लाइट ठीक कर देगा। बताया जा रहा है कि वह बिजली का हल्का काम कर लेता था। इस दौरान जब वह बिजली के फाल्ट को ठीक करने की कोशिश कर रहा था। हीटर के पास एक नंगी तार भी थी। इससे अचानक युवक को करंट लग गया। इससे पहले कि वह कुछ कर पाता। बिजली के झटकों ने उसे हिला दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव में दर्दनाक हादसा पेश आने के बाद पुलिस को सूचित किया गया। मामले की छानबीन कर रहे पुलिस के जवान अजीत सेन ने कहा कि पुलिस ने बयान भी कलमबंद किए हैं। वहीं इस घटना के बाद मृतक युवक के परिजन सदमे में हैं। एएसपी राजकुमार चंदेल ने कहा कि डुघीलग में एक युवक की करंट लगने से मौत हुई है। प्राथमिक तौर पर हुई जांच में यह पाया गया है कि युवक की मौत करंट लगने के कारण से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।