पूर्व सैनिकों की सभी समस्याओं का करेंगे समाधान: जनरल वीके सिंह
केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि हम प्राथमिकता के आधार पर पूर्व सैनिकों की सभी समस्याओं का समाधान करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार पूर्व सैनिकों की समस्याओं को लेकर बेहद गंभीर है।
इससे पहले की सरकारों ने पूर्व सैनिकों के मुद्दों पर केवल राजनीति की और पूर्व सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की मांग को 27 साल तक लटकाए रखा। नरेंद्र मोदी ने 2014 में सत्ता में आते ही पूर्व सैनिकों की इस मांग को तुरंत स्वीकार कर लागू कर पूर्व फौजियों को बड़ी राहत प्रदान की। उन्होंने कहा कि एक जुलाई 2019 से लागू हुए ओआरओपी-2 की खामियों को भी जल्द दूर किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने इस अवसर पर कहा कि पूर्व सैनिकों को चिंता नहीं करनी चाहिए, उनकी सभी समस्याएं हमारे दिमाग में हैं और जल्द ही उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी जो कहती है वह करती है। भाजपा के प्रदेश महासचिव राजेश बाघा ने कहा कि केंद्र सरकार सभी कल्याणकारी योजनाओं को बिना किसी भेदभाव के लागू करता है। कैप्टन जीएस सिद्धू ने कहा कि पंजाब सरकार की संस्था पेस्को द्वारा पूर्व सैनिकों की भर्ती के खिलाफ भाजपा सैनिक सेल बड़े पैमाने पर संघर्ष शुरू करेगी।
भाजपा प्रत्याशी इंदर इकबाल सिंह अटवाल ने भी लोगों को संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़, मंजू कुरैशी, पूर्व विधायक जगदीप सिंह नकई, कैप्टन गुरमेल सिंह भोगपुर व कैप्टन अनिल कुमार मौजूद रहे।