जालंधर। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को दी गई अधिक शक्तियों का आम आदमी पार्टी ने विरोध जताया है। इस प्रदर्शन के दौरान आप महिला विंग की पंजाब प्रधान राजविंदर कौर, डाक्टर विंग पंजाब के सह अध्यक्ष डा. संजीव शर्मा और प्रेम कुमार ने केंद्र के इस तानाशाही फैसले के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया है।
आप नेताओं डा. संजीव शर्मा, दर्शन लाल भगत ने कहा कि, मुख्यमंत्री चन्नी ने आत्मसमर्पण करते हुए पंजाब के करीब 27,600 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र (जो पूरे पंजाब का पचास प्रतिशत से अधिक हो सकता है) का कब्जा अपने हाथों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंप दिया है। उन्होंने इन सवालों पर मुख्यमंत्री चन्नी से स्पष्टीकरण मांगा है कि वह पंजाब की जनता को स्पष्ट करें कि ऐसा क्यों किया गया? उनके अनुसार लोग जानना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री चन्नी की प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा से क्या डील हुई है?
मुख्यमंत्री चन्नी साहब को ऐसा क्या मिला कि वह पंजाब के आधे क्षेत्र पर मैच फिक्सिंग के तहत अप्रत्यक्ष राष्ट्रपति शासन लागू करवा आए। उन्होंने कहा कि भाजपा जानती है कि वह कभी भी पंजाब में सरकार नहीं बना सकती, फिर क्यों न आधे पंजाब पर अप्रत्यक्ष ढंग से राज कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब की चन्नी सरकार इस मामले में केंद्र की भाजपा सरकार के साथ मिली हुई है।
उन्होंने कहा कि बीएसएफ के जरिए केंद्र में बैठी भाजपा द्वारा अप्रत्यक्ष ढंग से राज करने के प्रयास की आम आदमी पार्टी सख्त निंदा करती है। इस मौके पर इंदरवंश सिंह चड्डा,संजीव भगत, अजय भगत, सीमा वडाला, गुरप्रीत कौर, डा. राजेश बब्बर, राजीव आनंद, गुरनाम सिंह, बलबीर सिंह, केके शर्मा, कीमती केसर, सतनाम,सुरिंदर कुमार शामिल थे।