पुलिस की वर्दी, विभागों के जाली लेटरपैड,स्टंप व अन्य दस्तावेज बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। जिला पुलिस ने बेरोजगारों को पुलिस, न्यायिक विभाग समेत अन्य सरकारी विभागों में नौकरियां दिलाने का झांसा देकर ठगी मामले में एक दंपती समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव पंजगराईं कलां निवासी जगपाल सिंह व उसकी पत्नी मधु उर्फ कुलविंदर कौर के गौरखधंधे में उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र और पुलिस व न्यायिक विभाग की वर्दी तैयार करके देने वाले कोटकपूरा के एक कंप्यूटर सेंटर संचालक अमित बांसल और टेलर मास्टर जोगिंदर सिंह उर्फ नत्था को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी को अदालत से रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी से पुलिस ने भारी मात्रा जाली दस्तावेज, लेटरपैड, स्टाम्प्स व नौजवानों के असल प्रमाण पत्र और खाली शपथ पत्र भी बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी हरजीत सिंह ने बताया कि दंपती के खिलाफ पिछले समय के दौरान मिली शिकायतों पर जांच के बाद थाना सदर कोटकपूरा में केस दर्ज किया था। जांच करते हुए पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी जगपाल सिंह ने स्वीकार किया कि वह लोगों को उनके नौजवान बच्चों को पुलिस, न्यायिक विभाग समेत अन्य सरकारी विभागों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये हासिल करता था। साथ ही उनसे खाली शपथ पत्र व खाली कागजों पर भी हस्ताक्षर करवा लेता था ताकि यदि वह शिकायत करें तो अपनी मर्जी के मुताबिक जाली लिखित बनाकर अफसरों को भेज सके। आरोपी ने कई नौजवानों को पुलिस व अन्य विभागों के जाली नियुक्ति पत्र भी सौंपे। यहां तक कि उन्हें पुलिस व न्यायिक विभाग की वर्दी भी तैयार करके दे दी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। फर्जी स्टाम्प्स व लेटर हेड किस व्यक्ति से तैयार करवाए गए है, उसके बारे में पूछताछ की जा रही है।