फरीदकोट। स्थानीय कोटकपूरा रोड पर नहर पुल के पास मामूली विवाद के चलते एक कैंटर चालक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान इन दिनों पटियाला के त्रिपड़ी में रहते गांव मिर्जा निवासी इंद्रहरपाल सिंह के रूप में हुई। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर तीन आरोपियों गांव वीरेवाला निवासी बबलप्रीत सिंह, फरीदकोट निवासी गोरा व बब्बू मैकेनिक के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी सरबजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका पति रीफ्लेक्स मोर कंपनी के कैंटर पर बतौर चालक कार्य करता है और वह फ्लिप कार्ड कंपनी का माल लेकर फरीदकोट आया था। सुबह करीब 5 बजे उनके मालिक नमन सिंगला ने फोन करके जानकारी दी कि उसके पति इंद्रहरपाल सिंह की मौत हो चुकी है और उसका शव फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में है। फरीदकोट पहुंचकर जब सरबजीत कौर ने पड़ताल की तो मौके के गवाह माई गोदड़ी निवासी जगरूप सिंह ने बताया कि घटना के समय वह भी कैंटर के पीछे-पीछे आ रहा था।
जब कैंटर नहर पुल के पास पहुंचा तो पीछे से आई स्कोडा कार में सवार उक्त आरोपियों ने कैंटर रुकवाकर चालक इंद्रहरपाल सिंह को नीचे उतार लिया और उसकी बुरी तरह से पिटाई कर डाली, जिससे उसे गंभीर व अंदरूनी चोटें लगी। मौके पर जुटे लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर इंद्रहरपाल सिंह को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। बयान के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।