कोटकपूरा रोड पर ढिल्लों पेट्रोल पंप के पास सोमवार रात मार्केटिंग करके लौट रहे बाइक सवार एक केमिस्ट और उसके कर्मचारी पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। फायरिंग में गंभीर रूप से घायल होलसेलर केमिस्ट दीपक धवन व उसके कर्मचारी परविंदर कुमार को गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इनमें से परमिंदर कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों पर इरादा ए कत्ल का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दीपक धवन सोमवार को दवाओं की सप्लाई व मार्केटिंग के संदर्भ में अपने कर्मचारी परमिंदर कुमार के साथ कोटकपूरा गया था और घटना के समय अपनी बाइक पर फरीदकोट लौट रहा था। जैसे ही वह कोटकपूरा रोड पर ढिल्लों पंप के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मारकर गिराने का प्रयास किया।
दोनों के संभलते ही सामने से आए बाइक सवार लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी और बाद में मौके से फरार हो गए। फायरिंग में दीपक धवन व परमिंदर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
थाना कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने बयान के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।