जानकारी के अनुसार, थाना मॉडल टाउन में 2020 में घर में घुस कर मारपीट करने का एक मामला दर्ज हुआ था। जसप्रीत सिंह और हिमांशु पेशी भुगतने के लिए अदालत पहुंचे हुए थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दूसरे गुट को पता चल गया कि हिमांशु और जसप्रीत दोनों अदालत पहुंच चुके है और बाहर खड़े किसी का इंतजार कर रहे है। इसी दौरान दूसरे गुट के भल्ला और जंडू नाम के दो युवक वहां पहुंच गए। वहां उनकी फिर से पुरानी बातों को लेकर बहसबाजी हो गई।
इसी दौरान भल्ला और जंडू के कुछ साथी भी वहां पहुंच गए। दोनों गुटों के युवक आमने सामने हो गए और दोनों गुटों में वहां हाथापाई शुरू हो गई। वहां मौजूद लोग बाहर निकलने लगे। इसी दौरान एक गुट ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली ओर गोलियां चलानी शुरू कर दी। एक गोली हिमांशु के हाथ पर जा लगी और दूसरी गोली जसप्रीत की छाती को चीर गई। जबकि जसप्रीत की पीठ पर भी गोली के निशान हैं। गोलियां चलते ही लोग मौके से पीछे हटे साथ ही पुलिस मुलाजिम घटनास्थल की तरफ भागे। पुलिस को देख आरोपी फरार होने लगे तो पुलिस ने दो युवकों को काबू कर लिया। जिसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने जांच शुरु कर दी।
पांच से छह गोलियां चलने की है आशंका, जांच में जुटी पुलिस
पहले यह कहा जा रहा था कि तीन गोलियां चली है, लेकिन जसप्रीत के सीने और पीठ पर गोली के निशान है। एक खोल पुलिस को भी मिला है और एक गोली हिमांशु के हाथ पर भी लगी है। जिससे आशंका है कि दोनों गुटों में पांच से छह गोलियां चली हैं। पुलिस का कहना है कि अभी स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि गोलियां कितनी चली हैं। सिर्फ यही है कि गोलियां चली है और दो घायल हुए है, जबकि दो हिरासत में है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जांच की और पुलिस भी आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है कि आरोपी किस तरफ फरार हुए हैं।
क्या कहते है पुलिस अधिकारी
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर सौम्या मिश्रा ने बताया कि यह कोई गैंगवार नहीं बल्कि पुरानी रंजिश का मामला है। गोलियां कितनी चली है अभी जांच की जा रही है। कोई तीन कह रहा है तो कोई पांच। गोलियां लाइसेंसी हथियार से चलाई गई है। जिसके हथियार से गोलियां चली है उसका लाइसेंस भी कैंसिल किया जाएगा और इसके साथ साथ घायल जो डीएमसी अस्पताल में दाखिल है उनकी हालत में सुधार है। दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।