पंजाब के सुनाम में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी है। वारदात को एक माह पहले अंजाम दिया गया। सुनाम के गांवबख्शीवाला में हुई इस वारदात की गुत्थी को पुलिस ने जांच के बाद सुलझा लिया है। हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी सुरिंदर लांबा और डीएसपी भरपूर सिंह ने बताया कि 20 नवंबर को जसवीर कौर निवासी बख्शीवाला ने अपने पति अमरीक सिंह के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। इसी दौरान 25 नवंबर को इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह मुख्य अधिकारी को गुप्त सूचना मिली कि जसवीर कौर की अपने पति अमरीक सिंह के गायब होने के संबंध में दी गई शिकायत झूठी है।
मुखबिर ने बताया कि दरअसल आरोपी जसवीर कौर ने 27 अक्तूबर 2022 की रात अपने प्रेमी सुरजीत सिंह के साथ मिलकर हत्या कर दी है और शव को घर में ही दबा दिया है। इस संबंध में जसवीर कौर व सुरजीत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
डीएसपी भरपूर सिंह और इंस्पेक्टर दीपइंद्रपाल सिंह प्रभारी सीआईए संगरूर ने पूछताछ के बाद शनिवार को आरोपी जसवीर कौर और सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 27 अक्तूबर की शाम को दोनों ने अमरीक सिंह को बेहोश करने के लिए चिकन में नींद की गोलियां मिलाकर खिला दी। इसके बाद जसवीर कौर ने अपने प्रेमी सुरजीत सिंह के साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव को घर में पहले से खोदे गए शौचालय के गड्ढे (लगभग 25 फुट गहरे) में दबा दिया।
पुलिस ने बरामद किया शव
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शौचालय के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे से अमरीक सिंह का शव बरामद कर लिया है। इसके बाद सुनाम के सरकारी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के इस ऑपरेशन के दौरान पूरा गांव घटनास्थल पर मौजूद था। लोगों को इस खौफनाक वारदात पर विश्वास नहीं हो रहा है। अमरीक सिंह के 11 व 9 साल के दो बेटे हैं।