पंजाब के लुधियाना में धांधरा रोड पर 23 अप्रैल की रात को बाइक तेज चलाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद इनोवा सवार युवकों ने बाइक सवार दो युवकों को अगवा कर लिया। दोनों को जमकर पीटा। इस दौरान आरोपियों ने लाठी, डंडे और रॉड का इस्तेमाल किया। जिसके बाद आरोपियों ने दोनों युवकों को वहीं फेंक दिया, जहां से उन्हें अगवा किया था।
आरोपियों ने एंबुलेंस को फोन कर खुद सूचना दी कि दो युवक सड़क हादसे में घायल पड़े हैं। एंबुलेंस दोनों युवकों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले गई। जहां उनकी पहचान दुगरी निवासी उज्जवल (18) और उसके दोस्त अमित के रूप में हुई। उज्जवल की इलाज के दौरान मौत हो गई। जब मंगलवार को उज्जवल के शव का पोस्टमार्टम किया जाने लगा तो पता चला कि उस पर रॉड से हमला हुआ है।
जिसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल दोस्त अमित से पूछा तो उसने सारी कहानी बताई। जिसके बाद थाना सदर की पुलिस ने दुगरी के रहने वाले उज्जवल के पिता जसवंत सिंह की शिकायत पर धांधरा रोड स्थित सतजोत नगर निवासी सिद्धांत, धांधरा रोड स्थित रूपनगर निवासी अखिलेश, उसका भाई अरविंद, टोनी, नारायण, भरत, गोलू, रामायण, धीरज और छह अज्ञात के खिलाफ अपहरण, हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी सिद्धांत को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी फरार हैं। पुलिस आरोपी सिद्धांत से पूछताछ कर फरार आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक 23 अप्रैल की रात को उज्जवल अपने दोस्त अमित और सामा के साथ दुगरी में मेला देखने बाइक पर गया था। रात करीब 11 बजे वापस आ रहे थे तो उनके आगे एक साइकिल सवार जा रहा था। वो उसके पास से तेजी से निकले तो उसने पीछे से गाली निकाल दी।
तीनों ने गाली का विरोध किया। इतने में साइकिल सवार ने अपने साथियों को बुला लिया। जो कुछ ही मिनट में इनोवा में आए। उन्हें आता देख सामा भाग गया। लेकिन उज्जवल और अमित उनके हत्थे चढ़ गए। उन्होंने पहले इन्हें पीटा फिर गाड़ी में डालकर ग्रीन सिटी से आगे ले गए।
वहां रॉड से इन्हें पीटा और दोबारा गाड़ी में डाला और उसी जगह पर लाकर फेंक दिया, जहां से उठाकर ले गए थे। उनमें से एक आरोपी ने एंबुलेंस को फोन किया कि धांधरा रोड पर एक्सीडेंट हुआ है। कुछ ही मिनट में एंबुलेंस आ गई और अस्पताल ले गई। यहां दोनों का इलाज किया गया, लेकिन 25 अप्रैल की सुबह उज्जवल की मौत हो गई।
यह भी सामने आया है कि इस वारदात के बाद अमित और सामा ने किसी को कुछ नहीं बताया। जब पोस्टमार्टम हुआ तो सारी कहानी बाहर आई। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर हरमेश सिंह ने बताया कि आरोपी सिद्धांत को तो गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।