पाकिस्तान लौट रहे ड्रोन पर बीएसएफ ने इंसास राइफल से नौ गोलियां और दो इग्लू बम दागे फिर भी वह सुरक्षित पाक में प्रवेश कर गया। भारतीय क्षेत्र में ड्रोन क्या फेंक गया है? इसका पता लगाने के लिए मंगलवार सुबह पुलिस और बीएसएफ ने इलाके में स्पेशल सर्च ऑपरेशन चलाया है। यह घटना फाजिल्का से सटी सरहद स्थित बीएसएफ की बीओपी जोधावाला के नजदीक सोमवार रात की है।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक बीएसएफ बटालियन-52 के जवान रात फेंसिंग के साथ-साथ गश्त कर रहे थे। उन्हें आसमान में ड्रोन के मंडराने की आवाज सुनाई दी। जवानों ने इंसाफ राइफल से लगभग नौ गोलियां चलाईं और दो इग्लू बम भी दागे लेकिन ड्रोन बचकर पाक में प्रवेश कर गया। ड्रोन बॉर्डर पिलर नंबर-230/4-5 और बीओपी जोधावाला के नजदीक से आसमान के ऊपर से गुजर रहा था।
ये आईबी से लगभग 500 मीटर और फेंसिंग से करीब 10 मीटर दूर था। जमीन से 1700 मीटर आसमान में मंडरा रहा था। ड्रोन भारतीय सीमा में क्या फेंककर गया है? इसका सुराग लगाने के लिए पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त सर्च अभियान चलाया लेकिन शाम तक कुछ नहीं मिला है।
सरहद पार खेत से मिली एक पिस्तौल, मैगजीन व सात कारतूस
सीमा सुरक्षा बल को फेंसिंग पार खेत में एक बैग से एक पिस्तौल, एक मैगजीन व सात कारतूस मिले हैं। इसे कब्जे में लेकर बीएसएफ ने खेत के मालिक से पूछताछ शुरू कर दी है। यह घटना जलालाबाद स्थित बीएसएफ की चेक पोस्ट टाहली वाला के नजदीक मंगलवार की है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक बीएसएफ बटालियन-52 की चेक पोस्ट टाहली वाला के पास कंटीले तार पार खेत से एक पीले रंग के बैग में एक पिस्तौल, एक मैगजीन व सात कारतूस मिले हैं। पिस्तौल पाक तस्करों ने अपने भारतीय तस्करों को भेजी थी।