पंजाब में गढ़शंकर के गांव डल्लेवाल के युवक की गांव बीनेवाल से सटी हिमाचल प्रदेश की सीमा में जंगल में सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। नंबरदार हरबंस लाल ने बताया कि राजिंदर कुमार (23) उर्फ रवि पुत्र नसीब चंद निवासी डल्लेवाल को गुरुवार दोपहर गांव डल्लेवाल के ही गगनदीप पुत्र जोगिंद्र व अपने ननिहाल डल्लेवाल में रह रहे विशाल कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी सासन, हिमाचल प्रदेश अपने साथ बाइक पर लेकर गए थे।
उन्होंने जाते हुए बाइक में अड्डा झूगियां में पेट्रोल पंप से पेट्रोल डलवाया। वहां गांव की महिला के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम क्रैशर पर जा रहे है। देर शाम तक वह वापस नहीं आया। उन्होंने बताया कि जब परिवार वालों ने राजिंदर को मोबाइल पर फोन किया तो फोन स्विच ऑफ आने लगा। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई और पुलिस को भी सूचित किया गया। शुक्रवार सुबह गांव के लड़के उसे ढूंढने लगे तो उन्हें बाइक मिली।
यह भी पढ़ें: Sidhu Moosewala: सिद्धू मूसेवाला का नया गाना 'मेरा ना' Youtube पर रिलीज, एक घंटे में मिले 2M व्यूज
लड़कों ने जंगल में जाकर देखा तो वहां पर राजिंदर कुमार का शव पड़ा था। शव मिलने की सूचना पाकर पंजाब पुलिस मौके पर पहुंची। हत्या वाली जगह हिमाचल प्रदेश में होने के कारण पुलिस ने हिमाचल प्रदेश पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद हिमाचल पुलिस के अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक जो युवक राजिंदर को साथ लेकर गए थे, वे भी कल से गायब हैं और दोनों के मोबाइल बंद आ रहे हैं।