फरीदकोट में नहर से मिली लड़की की लाश।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्रेमी ने शादी से इनकार किया तो एक नाबालिग ने नहर में कूद कर जान दे दी। मामला फरीदकोट का है। मंगलवार को घर से लापता हुई एक नाबालिग लड़की की लाश बुधवार शाम शहर से गुजरती राजस्थान नहर से बरामद हो गई है। पुलिस ने लड़की की लाश को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है और एक लड़के के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मृतका के पिता ने बताया कि उसकी लड़की साढ़े 17 साल की थी और फरीदकोट के एक कोचिंग सेंटर में विदेश जाने के लिए आईलेट्स की तैयारी कर रही थी। वहीं उसकी बातचीत सेंटर में पढ़ते फरीदकोट शहर के एक लड़के के साथ होने लगी। उस लड़के की तरफ से लड़की के साथ शादी का वादा भी किया गया। जब उन्हें इस बात का पता लगा तो उन्होंने भी लड़की के फैसले के साथ सहमत होकर उस लड़के के साथ शादी करवाने के लिए हामी भर दी।
जब लड़की ने लड़के के साथ बात की तो उसने शादी करने से साफ मना कर दिया। इससे परेशान होकर लड़की ने नहर में कूद कर आत्महत्या कर ली। लड़की के पिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना कोतवाली के एसएचओ करनदीप सिंह ने कहा कि पुलिस ने लड़की के पिता के बयान पर लड़के के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है।