फिरोजपुर में नशा न मिलने पर युवक ने जान दी।
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
पंजाब में नशे की लत घर तबाह कर रही है। फिरोजपुर के थाना घल्लखुर्द के अंतर्गत पड़ते गांव सोढी नगर में नशे के आदी युवक ने नशा न मिलने पर पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। युवक अस्सी फीसदी झुलस गया जिससे उसकी मौत हो गई। थाना घल्लखुर्द पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी प्रवीन रानी वासी सोढ़ी नगर ने पुलिस को बयान दिया कि उसका पति जबर सिंह नशे का आदी था। वह आरोपी मिथन से नशा खरीदकर सेवन करता था। जब नशे के लिए मिथन के पास गया तो उसने उसे नशा नहीं दिया और जलील करके भगा दिया। वापस आकर उसके पति ने बाइक से पेट्रोल निकाला और खुद पर छिड़ककर आग लगा ली। इससे वह अस्सी फीसदी झुलस गया। उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे मेडिकल कॉलेज फरीदकोट रेफर कर दिया गया जहां उसकी मौत हो गई।
एएसआई जसबीर सिंह के मुताबिक मृतक की पत्नी प्रवीन रानी के बयान पर आरोपी मिथन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी तलाश की जा रही है। जबर ने शुक्रवार रात को आग लगाई थी। उसका इलाज फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। शनिवार को उसकी मौत हो गई।