तरनतारन जिले के गांव ठठी सोहल में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों उसके कमरे में मिला है। उसके पैरों में इंजेक्शन लगा मिला है। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है क जब तक आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होती, वह शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। परिजनों ने थाना झबाल पुलिस पर केस दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए। शव को सड़क पर रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना देने की चेतावनी दी है।
मृतक बिक्रमजीत सिंह पुत्र गुरमीत सिंह का पहले से उसकी पत्नी और ससुराल वालों से विवाद था। इसके पहले पत्नी के कहने पर ससुराल वालों ने बिक्रमजीत पर हमला किया था। भाई सरताज का आरोप है कि ससुराल वालों ने हत्या कर नशे के ओवरडोज से मौत दिखाने की साजिश की है। पुलिस का कहना है कि परिजनों का बयान दर्ज किया जा रहा है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो जाएगी।
ऑडियो संदेश में लगाया था मारपीट का आरोप
मृतक के भाई सतराज सिंह ने बताया कि वे डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में ड्राइवर के पद पर कार्यरत हैं। उनका भाई बिक्रमजीत सिंह गांव ठठी सोहल में रहता था। सतराज के अनुसार, कुछ दिन पहले बिक्रमजीत ने उन्हें एक ऑडियो संदेश भेजा था। इसमें उसने बताया था कि पत्नी के इशारे पर ससुराल वालों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसकी दोनों टांगें तोड़ दीं। इस मारपीट की सूचना उस समय थाना झबाल पुलिस को भी दी गई थी।