चंडीगढ़ के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में शामिल सेक्टर-10 में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित ग्रीन बेल्ट में एक युवती का शव बरामद हुआ।
युवती के शरीर पर चोटों के निशान मिलने और घटनास्थल से पत्थर बरामद होने के बाद उसकी पत्थर से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस अधिकारियों ने भी हत्या की आशंका व्यक्त की है।
पुलिस के मुताबिक, ग्रीन बेल्ट में युवती का शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस अधिकारी और जांच टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस को एक पत्थर भी बरामद हुआ। युवती के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। ऐसे में आशंका है कि हमलावर ने पत्थर से वार कर उसकी हत्या की होगी। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
हाथ पर लिखा मिला शिखा नाम, पहचान के प्रयास तेज
युवती के हाथ पर ‘शिखा’ नाम लिखा मिला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार युवती चंडीगढ़ के बाहर की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ युवती की पहचान कराने में जुटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-16 अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।