बटाला में टंकी पर चढ़ा बस ड्राइवर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
बटाला में एक बस ड्राइवर पर डीजल चोरी करने के आरोप लगे तो खुद को बेगुनाह बताते हुए वह पंजाब रोडवेज डिपो के पास बनी हुई पानी की टंकी पर चढ़ गया। बस ड्राइवर दलजीत सिंह ने उच्चधिकारियों को धमकी दी कि अगर उसको उतारने के लिए जोर जबरदस्ती की गई तो वह छलांग लगाकर आत्महत्या कर लेगा। मामला गुरुवार दोपहर का है। करीब तीन घंटे बाद यूनियन के कार्यकर्ताओं और आला अधिकारियों द्वारा ड्यूटी पर लिए जाने और इस मामले की जांच पड़ताल करवाने के आश्वासन के बाद ट्रक ड्राइवर नीचे उतरा।
पनबस और पीआरटीसी मुलाजिम जत्थेबंदी के प्रधान परमजीत सिंह कोहाड़ ने बताया कि दलजीत सिंह आउटसोर्स पर भर्ती हुआ है। दलजीत सिंह रात को बस लेकर गया था। गुरुवार सुबह वह बटाला रोडवेज डिपो पर आया तो उस पर आरोप लगाया गया कि उसने बस का डीजल चोरी किया है जबकि नई बसों का ऐसा फ्लीट आया है जिससे डीजल चोरी नहीं हो सकता। ड्राइवर दलजीत खुद को बेकसूर बताते हुए टंकी पर चढ़ गया है।
ड्राइवर दलजीत सिंह ने कहा कि उस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। अधिकारियों के आश्वासन पर वह टंकी से नीचे उतर आया है। ड्राइवर दलजीत सिंह ने बताया कि दो दिनों से उसे रूट ऑफ किया गया है। दो दिनों से उसके साथ ऐसा हो रहा है आखिरकार उसने तंग आकर यह कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि अब आला अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वह उसे ड्यूटी पर लेंगे। ड्राइवर ने चेतावनी दी कि अगर उसे ड्यूटी पर नही लिया गया तो वह नहर में छलांग लगा देगा। दलजीत सिंह ने कहा कि वह 2008 में भर्ती हुआ था और अभी तक उसकी कोई शिकायत नही हुई है।
पंजाब रोडवेज डिपो बटाला के जनरल मैनेजर परमजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर चेकिंग टीम के सामने आया है कि उक्त ड्राइवर ने बस का डीजल चुराया है। इसकी रिपोर्ट उन्होंने विभाग के उच्चाधिकारियों और पुलिस को भेजी है। अगर ड्राइवर बेकसूर है तो वह लिखित देकर जांच करवा सकता है लेकिन लिखित देने की बजाय वह टंकी पर चढ़ गया। फिलहाल उक्त ड्राइवर की सस्पेंशन को रोक दिया गया है और इस मामले की निष्पक्ष जांच पड़ताल करवाने के आश्वासन पर वह नीचे उतर आया है।