पांच दिन पहले छावनी क्षेत्र से बरामद लावारिस बैग में कोई बम नहीं बल्कि बाजार में आसानी से मिलने वाला पटाखे बनाने का सामान रखा गया था। जिला पुलिस ने इस केस को सुलझाने का दावा करते हुए फरीदकोट के एक युवक मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। उसने अपनी पत्नी के आशिक को फंसाने की मंशा से यह सारी साजिश रची थी।
सोमवार को प्रेसवार्ता में एसएसपी सुखदेव सिंह काहलों ने बताया कि 16 जुलाई को फरीदकोट छावनी से एक लावारिस बैग बरामद हुआ था। बैग से मिले संदिग्ध सामान और विस्फोटक पाउडर से इस मामले को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जोड़ने की कोशिश की गई थी। एसपी (डी) बलबीर सिंह, डीएसपी (डी) गुरभेज सिंह और सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर लखवीर सिंह की निगरानी में हुई उच्च स्तरीय पड़ताल में यह मामला निजी रंजिश में किसी दूसरे को झूठे केस में फंसाने की साजिश का निकला।
एसएसपी के अनुसार इस मामले में पुलिस ने फरीदकोट निवासी मनप्रीत सिंह को काबू किया है। पूछताछ में सामने आया कि मनप्रीत सिंह को शक था कि सादिक के गांव मानी सिंह वाला निवासी सतवंत सिंह के उसकी पत्नी के साथ रिश्ते हैं। इसी बात का बदला लेने के लिए उसने सतवंत को किसी बड़े झूठे केस में फंसाने की साजिश रची। कान्वेंट स्कूल से पढ़ा मनप्रीत सिंह का पिता रिटायर्ड सैन्य कर्मी है और इसी कारण वह सेना की गतिविधियों का अच्छा जानकार है।
एसएसपी काहलों ने बताया कि मनप्रीत सिंह ने पटाखों का पाउडर, बैटरी, तार व अन्य सामान को बैग में रखकर उसे एक बम का रूप देने का प्रयास किया। उसने अपने कंप्यूटर उपकरणों से सतवंत सिंह का कराची कैंट का एंट्री कार्ड भी बनाकर बैग में रख दिया। जिला पुलिस ने कंप्यूटर उपकरणों समेत उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है। इस मौके पर एसपी (एच) बिक्रमजीत सिंह और डीएसपी हरजिंदर सिंह मौजूद रहे।
ससुर का बना रखा था इंट्री कार्ड
आरोपी मनप्रीत ने अपने ससुर का भी कराची कैंट का एंट्री कार्ड बनाया हुआ था। एसएसपी काहलों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से यह कार्ड भी बरामद किया है।