अमृतसर। बरेली रेलवे स्टेशन से आठ अगस्त को अमृतसर के लिए रवाना हुआ राम उदित नौ दिन बाद भी अपनी बहन के पास नहीं पहुंचा। आशंका है कि उसे किसी ने संदिग्ध हालात में अगवा कर लिया है, जिसके बाद अंबाला स्थित बैंक से अलग-अलग समय में रुपये निकल रहे हैं। एक तरफ जहां बहन का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दूसरी तरफ संदिग्ध हालात में अगवा हुए युवक की मां लीलावती अपने बेटे की तलाश के लिए जीआरपी अमेठी थाने के चक्कर काट रही है।
मजीठा रोड स्थित राम नगर निवासी आरती ने बताया कि वह अमेठी की है और यहां अपने पति बलविंदर यादव के साथ रहती हैं। रोजगार के सिलसिले में भाई राम उदित भी उनके साथ ही रहता था। उन्होंने बताया कि भाई का सात अगस्त 2021 को अमेठी में ड्राइविंग लाइसेंस का टेस्ट था। वह छह अगस्त को अपना लैपटॉप लेकर अमृतसर से अमेठी के लिए निकला और उन्हें बताया कि वह आठ या नौ जुलाई की रात अमृतसर पहुंच जाएगा, लेकिन 9 दिन हो गए और अभी तक उसका भाई वापस नहीं आया। उन्होंने बताया कि हो सकता है कि किसी ने उसके भाई को बंदी बना कर उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया हो। उन्होंने गुहार लगाई कि जल्द से जल्द उसके भाई का पता लगाया जाए, ताकि कोई उसे नुकसान नहीं पहुंचा सके।
दूसरी तरफ अमेठी के जीआरपी थाना प्रभारी हरिनाथ यादव ने बताया कि राम उदित अमेठी रेलवे स्टेशन से अमृतसर के लिए रवाना होने वाली हावड़ा गाड़ी में सवार हुआ था। उसके मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन बरेली तक ही मिली है, उसके बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, लेकिन लैपटॉप चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि राम उदित का उसकी अपनी पत्नी के साथ साझा बैंक खाता था, जिसमें अंबाला से लगातार पैसे निकल रहे हैं। रविवार को भी 20 हजार रुपये निकले हैं। यह बात युवक की पत्नी ने उन्हें बताई, जिसके बाद राम उदित की पत्नी ने बैंक में बचे सात हजार रुपये निकलवा लिए। उन्होंने बताया कि मामला बरेली का है तो उन्होंने इसमें गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच के लिए मामला जीआरपी बरेली को भेज दिया है।