सेम नहर ओवरफ्लो होने के कारण निर्माणाधीन पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। इस दौरान वहां से गुजर रहे दो युवकों का पांव फिसलने के कारण वह नहर में गिर गए। हादसे में एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरा बाल-बाल बच गया। घटना बुधवार शाम साढ़े चार बजे की है। वीरवार को सुबह करीब सात बजे गोताखोरों ने पुल में फंसे शव को बाहर निकाला। जिसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में लाया। मृतक की पहचान गुरप्रीत (29) निवासी गांव चंद्रभान के रूप में हुई है।
मृतक के ताया बलविंदर सिंह निवासी चंद्रभान ने बताया कि बुधवार को पूरा दिन तेज बारिश के कारण उनके गांव के पास से गुजरती सेम नहर में पानी 14 फुट तक भर गया। इस कारण पानी निर्माणाधीन पुल के ऊपर से बहने लगा। वहां से गुजरने वाले लोगों को पानी से गुजरना पड़ रहा था। करीब साढ़े चार बजे गुरप्रीत गांव के ही रहने वाले अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर गांव की तरफ आ रहा था। पुल से गुजरने से पहले उन्होंने अपनी बाइक साईड पर लगा दी और पुल पर पानी का लेवल देखने के लिए चले गए। इस दौरान पांव फिसलने के कारण दोनों नहर में गिर गए। गुरप्रीत को तैराकी नहीं आती थी, जिस कारण वह पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई। जबकि उसका दूसरा साथी तैरकर नहर से बाहर निकल आया। उन्होंने रात नौ बजे तक गुरप्रीत का शव नहर से पुलिस की मदद से ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन शव नहीं मिला। सुबह करीब सात बजे गोताखोरों ने गुरप्रीत के शव को पुल के पास से निकाला। जिसके बाद सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने परिवार को सौंप दिया है। उधर पुलिस ने मामले में 174 की कार्रवाई कर दी है।