सीसीटीवी कैमरे में कैद दोनों आरोपी महिलाएं।
- फोटो : GURDASPUR
बटाला। यहां के एक निजी अस्पताल में टीका लगाने के बहाने दो अज्ञात महिलाएं तीन दिन के नवजात शिशु को उठाकर फरार हो गईं। सोमवार दोपहर को इस खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज अस्पताल के आसपास लगे कैमरों में कैद हो गए। फुटेज में देखा गया है कि अस्पताल से दो महिलाएं एक नवजात को लेकर बाहर आईं और बाहर खड़ी एक स्कूटी पर सवार होकर फरार गईं। वहीं बताया जा रहा है कि अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे कई महीनों से खराब हैं। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचित कर दिया है। मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज को लेकर अपनी जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
शिशु की मां गोगी निवासी गांव चीमा खुडी और पारिवारिक सदस्यों सीता और अर्जुन ने बताया कि नवजात ने तीन दिन पहले गुरदासपुर रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में जन्म लिया था। सोमवार को उसको अस्पताल से छुट्टी मिलनी थी, लेकिन थोड़ी देर पहले ही एक स्कूटी पर दो महिलाएं आईं और कहने लगीं कि उन्होंने नवजात को टीका लगाना है। वे उसके बेटे को कमरे से बाहर ले गईं और बाद में दोनों महिलाएं नवजात शिशु को स्कूटी पर लेकर फरार हो गईं।
दूसरी तरफ, अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि उन्होंने तो महिला को छुट्टी दे दी थी। जब यह घटना घटी परिवार घर जाने के लिए तैयार था। सबसे बड़ी बात कि महिला ने दोनों अज्ञात महिलाओं को खुद ही अपना बच्चा दिया है। जब अस्पताल प्रबंधन को सुरक्षा प्रबंधों को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अस्पताल में कोई गेट कीपर नहीं है। 6 महीने पहले अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे खराब हो गए थे, उसके बाद कैमरे नहीं लगाए गए। इस संबंध में डीएसपी सिटी ललित कुमार ने बताया कि सीनियर अधिकारियों ने भी मौके का जायजा लिया। मामले की जांच चल रही है।