अमृतसर। सरकारी डेंटल कालेज के रजिस्टर में हाजिरी लगा कर ड्यूटी से गायब होने वाली तीन स्टाफ नर्सों को लेकर कालेज की प्रिंसिपल डा. जीवन लता ने संबंधित विभाग के मुखियों से जवाबतलबी कर ली है। प्रिंसिपल ने कहा कि विभाग मुखियों की रिपोर्ट के बाद आरोपी नर्सों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करेंगी और इनके यहां से तबादले की भी सिफारिश करेंगे।
आरटीआई कार्यकर्ता व एनजीओ चलाने वाले वरुण सरीन ने 13 नवंबर की सुबह डेंटल कालेज में स्टिंग किया था। वह अपने किसी पहचान वाले का इलाज करवाने डेंटल कालेज गए थे, लेकिन वहां उन्हें स्टाफ नहीं मिला। इसके बाद कालेज के ही एक कर्मचारी की मदद से हाजिरी रजिस्टर की फोटो खींची। जिसे देखने के बाद पाया कि स्टाफ नर्स दलजीत कौर, बलविंदर कौर और मीरां रानी की रजिस्टर में तो हाजिरी लगी हुई थी, लेकिन तीनों कालेज कैंपस से गायब थीं।
वरुण सरीन ने बताया कि इसके बाद उन्होंने इन नर्सों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जहां कालेज की प्रिंसिपल डा. जीवन लता को शिकायत दी, वहीं इनके तबादले के लिए विभागीय मंत्री को भी इसकी शिकायत कर दी। प्रिंसिपल डा. जीवन लता ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि वे जिन अधिकारियों के नीचे काम कर रहीं हैं, उनसे रिपोर्ट तलब की है। संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद उक्त तीनों नर्सों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई किए जाने के साथ ही इन नर्सों के डेंटल कालेज से तबादला किए जाने की भी सिफारिश करेंगी।