अमृतसर। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। बुधवार को बीएसएफ के जवानोें ने अमृतसर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के 200 मीटर अंदर एक ड्रोन बरामद किया। इसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किए जाने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार, बीएसएफ की 71 बटालियन के जवान दोपहर करीब 12 बजे गश्त पर थे। इसी दौरान जवानों को सुरक्षा दीवार के पास पाकिस्तान की ओर से आता एक ड्रोन दिखाई दिया। इससे पहले कि भारतीय सैनिक अपनी रायफलों से गोलियां चलाते, ड्रोन जमीन पर जा गिरा। जवानों ने तलाशी अभियान चलाकर उसे बरामद कर लिया।
पिछले सप्ताह से लगातार पड़ रही धुंध के बीच पाकिस्तान की तरफ से तस्करों का गिरोह सक्रिय हो गया है। इसी की आड़ में यह ड्रोन भेजा गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ड्रोन हवेलियां गांव के किसान गुरजीत सिंह के खेत में गिरा। चीन में निर्मित डीजेआई फेंटम 4 पीआरओ मॉडल ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, दूसरी तरफ हेडक्वार्टर पंजाब फ्रंटीअर बीएसएफ जालंधर कैंट के डीआईजी (जी.) ने बताया कि सुरक्षा बल के जवान धुंध के दौरान पूरी चौकसी से गश्त करते हुए पंजाब में पाकिस्तान से सटी सीमा की रक्षा कर रहे हैं।