बीबी जागीर कौर ने कंगना रनौत को चेतावनी देते हुए कहा कि सोच समझ कर बोलें। देश की आजादी में 80 फीसदी कुर्बानियां सिखों ने दी हैं और अब कंगना को अपनी बौद्धिक गरीबी की पेशकश करके देश के हालातों को खराब नहीं करना चाहिए।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की प्रधान बीबी जागीर कौर ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की ओर से सिखों के खिलाफ कमेंट की सख्त शब्दों में निंदा की है और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने यह प्रतिक्रिया कंगना द्वारा 1984 के दंगों के दौरान सिखों को लेकर दिए गए बयान पर व्यक्त की।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि यह दुख की बात है कि वह उनके खिलाफ बोलीं जिन्होंने कभी किसी से हार स्वीकार नहीं की। कंगना ने उन सिखों के खिलाफ बात कही, जिन्होंने सीमाओं पर सीने पर गोलियां खाकर देश की रक्षा के लिए कुर्बानियां दी हैं। कंगना ने सिख विरोधी बयान देकर अपनी कमजोर बौद्धिक मानसिकता दिखाई।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा मुंबई पहुंचकर कंगना के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की धाराओं के तहत केस दर्ज करवाने का समर्थन करते हुए उन्होंने तुरंत कंगना को गिरफ्तार किए जाने की बात कही। बीबी जागीर कौर ने कहा कि कंगना सिख भाईचारे के खिलाफ बात करके बाहर आजाद घूमेंगी, तो हालात खराब हो सकते हैं। कंगना की गिरफ्तारी आवश्यक है। ताकि किसी की भवनाएं न आहत हों और कोई नुकसान न हो।