अमृतसर। पंजाब के नवांशहर जिला के गांव संदवा के 27 वर्षीय निर्मल चंद का शव सोमवार दुबई से भारत लाया गया। सरबत द भला ट्रस्ट के प्रयासों से दुबई में लावारिस हालत में पड़े निर्मल चंद के शव को वतन की मिट्टी नसीब हुई है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने श्री गुरु रामदासजी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, राजासांसी पर शव लेकर वहां पहुंचे पीड़ित परिवार के साथ दुख व्यक्त करते हुए उनके हवाले किया।
ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. एसपीएस ओबराय ने बताया कि नवांशहर जिले के गांव संदवा का युवक निर्मल चंद पुत्र गुरमेल सिंह मेहनत मजदूरी करने के लिए ढाई साल पहले दुबई गया था। मौजूदा में वह पेंटर का काम कर रहा था। 2 फरवरी को काम करते समय एक ऊंची इमारत से गिरने से उसकी मौत हो गई थी। दुबई पुलिस ने भारतीय दूतावास से उक्त युवक के परिजनों का पता लगाने को कहा। उन्होंने अपनी दोआबा टीम के इंचार्ज अमरजीत सिंह द्वारा गांव की पंचायत की उपस्थिति में पीड़ित परिवार को इसकी जानकारी दी।
परिवार के साथ संपर्क होने पर उन्होंने भारतीय दूतावास के सहयोग से अपने निजी सचिव बलदीप सिंह चाहल के जरिये निर्मल चंद का शव भारत लाए जाने की कार्रवाई मुकम्मल करवाई। सोमवार को निर्मल चंद का शव भारत पहुंच सका। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की ओर से मृतक की बुजुर्ग माता को हर माह 2 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। मृतक के भाई रवि कुमार और सुखविंदर ने ओबराय द्वारा दी गई इस मदद की सराहना की। इस अवसर पर अमृतसर टीम के सुखजिंदर सिंह हेर, सुखदीप सिद्धू, मनप्रीत संधू चमियारी और नवजीत घई एयरपोर्ट से शव परिजनों के घर तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की।