स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल ने दो किलो हेरोइन व 11.50 लाख रुपये के साथ छेहर्टा निवासी जतिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है।
यह तस्कर टाटा मूरी एक्सप्रेस के जरिये दिल्ली से हेरोइन की खेप लेकर आया था और अमृतसर में कुछ तस्करों को डिलीवर करनी थी। फिलहाल जांच का हवाला देते हुए सेल स्थानीय तस्करों के नामों का खुलासा नहीं कर रहे है।
स्पेशल सेल के आईजी एमएफ़ फारूकी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह आपरेशन चलाया गया था। उन्हें जतिंदर के बारे में पता चला था कि दिल्ली से खेप लेकर चला है और ट्रेन के जरिए अमृतसर पहुंच रहा है। इस तहत उन्होंने शुक्रवार सुबह रेलवे स्टेशन पर ट्रेप लगाया। तस्कर जतिंदर सिंह पीछे ही ट्रेन से उतर गया और रेलवे लाइनों से पैदल ही निकलने की कोशिश कर रहा था।
इस पर शक हुआ तो उनकी टीम ने रिगो ब्रिज के पास जाकर घेर लिया। मौके पर ही दो पैकेट हेरोइन और 11.50 लाख रुपये बरामद कर लिए गए। जतिंदर जितनी हेरोइन दिल्ली से लेने के लिए गया था, उतनी न मिल पाने के कारण कैश बच गया, जिसे लेकर वह लौट आया।
ट्रेनों में सुरक्षा पर सवालिया निशान
एक तस्कर दो किलो और हेरोइन और 11.50 लाख रुपये आसानी से दिल्ली से अमृतसर तक लेकर आ गया। वह करीब 8 से 10 घंटे तक ट्रेन में बैठा रहा है। ऐसे में रेलवे को सुरक्षा देने वाली एजेंसियों पर सवाल लग गया है कि कोई भी व्यक्ति कुछ भी लेकर ट्रेन में बैठ सकता है। तस्कर की जगह कोई आतंकी संगठन भी अपने गलत मंसूबों को इस तरह आसानी से अंजाम दे सकते है।
दिल्ली देश की राजधानी है। बावजूद इसके सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक होना गंभीर है। आरोपी तस्कर ने जांच के दौरान बताया है कि वह पहले भी तीन बार हेरोइन की खेप ट्रेन के जरिये ला चुका है।