आदेश फाउंडेशन के चेयरमैन पर फाउंडेशन के ही एक सदस्य ने करीब 100 करोड़
रुपये के गबन का आरोप लगाया है।
इस मामले में एसएसपी बठिंडा को लिखित
शिकायत देकर जांच करवाने और चेयरमैन के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई गई
है। वहीं एसएसपी बठिंडा इंद्र मोहन सिंह भट्टी ने उक्त मामले की अपने स्तर
पर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने सोमवार को आदेश यूनिवर्सिटी रेड कर
यूनिवर्सिटी का तमाम रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया है।
आदेश
फाउंडेशन के सदस्य सुरिंदर सिंह सिद्धू ने एसएसपी बठिंडा को लिखित शिकायत
देकर बताया कि आदेश फाउंडेशन के चेयरमैन पद पर हरिंदर सिंह गिल काबिज है।
उनकी ओर से आदेश वेलफेयर सोसाइटी के नाम से अपनी एक निजी संस्था बनाई गई
है। उक्त संस्था के अंतर्गत उनके कई इंस्टीट्यूट, इंजीनियरिंग कॉलेज और
अस्पताल संचालित है।
शिकायत में सिद्धू ने बताया कि फाउंडेशन के चेयरमैन
गिल ने एक साजिश के तहत आदेश यूनिवर्सिटी के पैसे अपनी निजी सोसाइटी में
ट्रांसफर कर यूनिवर्सिटी को करीब 100 करोड़ का चूना लगाया है। चेयरमैन के
उक्त गबन मामले में यूनिवर्सिटी के कई अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी
सहयोग दिया है।
सुरिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि चेयरमैन हरिंदर सिंह
गिल ने आदेश फाउंडेशन के नाम पर अलग-अलग बैंकों से करीब 100 करोड़ का लोन
लेकर जाली बिल, रसीदें व जाली परफोरमें तैयार करते हुए पैसे रिलीज करवाए।
बाद में खुद की बनाई निजी संस्था आदेश वेलफेयर सोसाइटी के नाम पर ट्रांसफर
कर दिए।
हालांकि आदेश फाउंडेशन इसकी इजाजत नहीं देता, लेकिन गिल ने अपने
निजी फायदे के लिए कानून की उलंघना करते उक्त रकम अपनी संस्था के अंतर्गत
चल रहे संस्थानों व अस्पतालों में लगा दी। वहीं अंबाला में गिल का अपना एक
निजी अस्पताल भी तैयार हो रहा है।