पंजाब के अमृतसर के मेहता के गांव चन्नन के में एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मरने वाला गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी जगरूप सिंह रूपा का भाई बताया जा रहा है। मृतक जुगराज सिंह उर्फ तोता ने माैके पर ही दम तोड़ दिया था। मृतक गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का साथी बताया जा रहा है। हत्या की जिम्मेदारी दविंदर बंबीहा गैंग ने ली है।
यह भी पढ़ें: पंजाब विस का विशेष सत्र बुलाने की तैयारी: बेअदबी के खिलाफ पास हो सकता है कानून, सात जुलाई को कैबिनेट की बैठक
गुरुद्वारे के बाहर दिया वारदात को अंजाम
मेहता के गांव चन्नन के शनिवार दोपहर तीन बजे बाइक पर आए तीन आरोपियों ने 28 वर्षीय जुगराज सिंह पर गोलियां बरसाई। वारदात को गुरुद्वारे के सामने अंजाम दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि जुगराज सिंह ने बचने का बहुत प्रयास किया लेकिन आरोपियों ने उस पर लगातार गोली चलाई, जिसके कारण उसने माैके पर ही दम तोड़ दिया।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही थाना मेहता की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे रंजिश की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता, सभी पहलुओं से जांच जारी है।
जो भाैंक रहे हैं, वो भी तैयार रहें
हत्या के तुरंत बाद इसकी जिम्मेदारी दविंदर बंबीहा गैंग की ओर से ली गई। बंबीहा गैंग की ओर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर इसके जिम्मेदारी ली है। जिसमें लिखा था कि इस हत्या की जिम्मेदारी डोनी बल, मोहम्मद रंधावा और कौशल चौधरी लेते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि मृतक जुगराज सिंह गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के लिए काम कर रहा था। इन लोगों ने मिलकर उनके साथियों की हत्या की थी। जिसका बदला लिया जा रहा है। जग्गू का साथ देने वाले अन्य लोग भी अपने अंजाम के लिए तैयार रहे।