आठ लाख की लूट में 5 आरोपी काबू
पेट्रोल पंप के 8 लाख 84 हजार रुपये बैंक जमा करवाते समय हुई थी वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर।
जिला पुलिस ने बीती 24 जुलाई को अल्फावन के पास पेट्रोलपंप के कारिदें से 8 लाख 84 हजार 905 रुपयों की लूट का मामला चार दिन में सुलझा लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के बाद इन आरोपियों तक तो पहुंच गई। गिरफ्तार पांचों आरोपियों के पास से कुल 4 लाख 31 हजार 400 रुपये मिले। अब पुलिस आरोपियों के साथ पूछताछ में पता लगा रही है कि बाकी के 4 लाख 53 हजार 505 रुपये कहां हैं।
घटना के बारे में पुलिस को नारायण दास निवासी जौड़ा फाटक ने बताया कि वह अल्फावन के पास पेट्रोलपंप में काम करता है, उस दिन जब वह कैश जमा करवाने के लिए जा रहा था कि दो युवक उनके पास आए और बैग छीनने की कोशिश की। जब उसने बैग नही छोड़ा तो तेजधार हथियार से घायल कर दिया। इसी बीच बाकी आरोपियों ने हवाई फायर किया और सभी बैग लेकर फरार हो गया।
एडीसीपी चरणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस लूट के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गुरदीप सिंह उर्फ टोनी निवासी फकीर सिंह वार्ड नंबर 31 आकाश विहार, पंडोरा पिंड, सुल्तानविंड, वरिंदर सिंह निवासी मोहल्ला गुरदयाल नगर, गांव सुल्तानविंड, भूपिंदर सिंह उर्फ बांटा निवासी गली नंबर नौ, गुरनामनगर सुल्तानविंड रोड, प्रदीप कुमार उर्फ हैरी निवासी गली नंबर तीन, कपूर नगर, सुल्तानविंड रोड, पलविंदर उर्फ पारस निवासी गली नंबर चार मंदिर वाला बाजार, सुल्तानविंड रोड शामिल है। आरोपियों से पूछताछ चल रही है।