पांच महीने की इंक्वायरी के बाद महिला कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर तैनात महिला कर्मचारी पर पांच लाख ठगने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। महिला कर्मचारी ने गांव मीरथल निवासी व्यक्ति से उसके बेटे को रेलवे में भर्ती करवाने के नाम पर पैसे लिए थे। बेटे को भर्ती करवाने के लिए मजदूर पिता ने 2 कनाल जमीन बेच पैसे महिला को दिए। उसने नौकरी दिलवाने की गारंटी के साथ-साथ एग्रीमेंट भी किया था। पिता की शिकायत पर पांच महीने की इंक्वायरी के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
गांव जिंदड़ी निवासी बिशन दास ने बताया कि उनका 24 साल का बेटा विशाल शर्मा नंगलभूर में किसी कपड़े की दुकान पर काम करता है। गांव मीरथल की रहने वाली ऊषा देवी का उस कपड़े की दुकान पर आना जाना था। उसने दुकान के मालिक को कहा कि अगर कोई रेलवे में नौकरी का चाह्वान हो तो पांच लाख में भर्ती करवा दूंगी।
बिशन ने बताया कि दुकान मालिक ने बेटे को नौकरी दिलवाने की बात कही तो उसने कहां कि 5 लाख दो नौकरी मिल जाएगी। उसके बाद बेटे विशाल ने बात की तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ पास पैसे भी नहीं थे। बेटे और दुकानदार के बार-बार कहने पर 2 कनाल जमीन बेची और पांच लाख रुपये ऊषा को दे दिए। बिशन ने बताया कि उसके बाद महिला मीरथल से जालंधर शिफ्ट हो गई। जब उससे नौकरी की बात की तो थोड़ा समय मांग लिया। 3-4 महीने चले ड्रामे के दौरान महिला ने एक कचहरी के स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट दिया कि अगर नौकरी नहीं मिलेगी तो पूरे पैसे लौटाउंगी। अधिक समय बीत जाने के बाद महिला ने न तो पैसे लौटाए और न ही नौकरी दिलवाई। इसके बाद थाना नंगलभूर में शिकायत दी गई। वहीं जांच अधिकारी एएसआई सुरिंदर कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत 26 अप्रैल को मिली थी। एसएचओ गुरविन्द्र सिंह ने मामले की जांच की है। पांच महीने चली इंक्वायरी के बाद आरोपी महिला कर्मचारी पर मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला फरार है।